प्रशिक्षु SI अब संभालेंगे थाना-चौकियों की कमान, 2 माह के लिए मिला स्वतंत्र प्रभार
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | जिले में पुलिसिंग को और अधिक व्यावहारिक एवं प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS ने बड़ा कदम उठाया है। प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को दो माह के लिए विभिन्न थाना एवं चौकी क्षेत्रों का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया है। आदेश के बाद प्रशिक्षु अधिकारी संबंधित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, विवेचना, पुलिसिंग और जनसेवा से जुड़े कार्यों का स्वतंत्र रूप से संचालन करेंगे।
11 थाना-चौकी क्षेत्रों में मिली अहम जिम्मेदारी
पुलिस अधीक्षक के आदेश के तहत प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के महत्वपूर्ण पुलिस थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जिम्मेदारी दी गई है। इनमें महिला थाना, चौकी पंतोरा, थाना बम्हनीडीह, पुलिस सहायता केंद्र राहौद, कोटमी सोनार, थाना सारागांव, थाना बलौदा, थाना पामगढ़, थाना शिवरीनारायण, थाना अकलतरा और थाना नवागढ़ शामिल हैं।


कानून-व्यवस्था से लेकर अपराध नियंत्रण तक संभालेंगे मोर्चा
स्वतंत्र प्रभार मिलने के बाद प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को थाना स्तर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम, विवेचना, पुलिस बल के समन्वय और आमजन से संवाद जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा। इससे प्रशिक्षु अधिकारियों में निर्णय लेने की क्षमता और जिम्मेदारी के साथ पुलिसिंग करने का व्यावहारिक अनुभव विकसित होगा।
नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर
पुलिस विभाग की इस व्यवस्था का उद्देश्य प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को केवल प्रशिक्षण तक सीमित रखने के बजाय उन्हें मैदानी स्तर पर स्वतंत्र जिम्मेदारी देकर नेतृत्व क्षमता विकसित करना है। दो माह के इस कार्यकाल में अधिकारी थाना संचालन और पुलिसिंग की वास्तविक चुनौतियों से रूबरू होंगे।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को सौंपे गए दायित्वों का कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग के अनुसार, यह पहल प्रशिक्षु अधिकारियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण और भविष्य की जिम्मेदारियों के लिए उन्हें तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।





