प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत 545 रसोइयों का प्रशिक्षण संपन्न

{Pankaj Kurre}

पामगढ़ | प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत विकासखंड पामगढ़ के 545 रसोइयों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, पामगढ़ में दो पालियों में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर जन्मजय महोबे एवं जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा के निर्देशन तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामेंद्र जोशी के मार्गदर्शन में किया गया।


प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर राकेश सोनी, सुश्री सुचिता भोसले एवं जयराम सारथी ने योजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराकर कुपोषण को दूर करना, विद्यालयों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना, नामांकन एवं ठहराव की दर बढ़ाना, अध्ययन के प्रति रुचि विकसित करना तथा बच्चों के स्वास्थ्य और सामाजिक समानता को बढ़ावा देना है।

प्रशिक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन संचालन में प्रधान पाठक, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) एवं रसोइयों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सप्ताहवार निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन तैयार करने, संतुलित आहार तथा कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन, खनिज लवण एवं जल जैसे आवश्यक पोषक तत्वों के महत्व की जानकारी दी गई।


रसोइयों को रसोई कक्ष की स्वच्छता, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण तथा भोजन बनाने से पहले, दौरान और बाद में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में प्रशिक्षित किया गया। उन्हें साफ-सुथरे वस्त्र पहनने, सिर ढककर भोजन बनाने, एप्रोन का उपयोग करने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने, नाखून छोटे रखने तथा अस्वस्थ होने पर भोजन तैयार नहीं करने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण में खाद्य सुरक्षा प्रोटोकॉल, स्वच्छ पेयजल की गुणवत्ता, जल परीक्षण, रसोई एवं भंडारण व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा एवं प्रवेश नियंत्रण, आपातकालीन चिकित्सा तैयारी तथा विषम परिस्थितियों में अपनाई जाने वाली कार्यवाही की भी विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं पालकों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘न्योता भोजन’ कार्यक्रम के प्रभावी संचालन पर विशेष जोर दिया गया।

रसोइयों को यह भी बताया गया कि भोजन को जानबूझकर दूषित करने जैसी किसी भी घटना पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर आपराधिक कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के टोल-फ्री नंबर, खाद्य विभाग के शिकायत तंत्र, आवश्यक अभिलेखों के संधारण तथा मोबाइल एप के माध्यम से विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन मॉनिटरिंग एवं नियमित प्रविष्टि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी रामेंद्र जोशी ने कहा कि “स्वस्थ रसोई, स्वस्थ बच्चा, स्वच्छ भोजन, स्वस्थ जीवन” की संकल्पना को प्रत्येक विद्यालय में व्यवहारिक रूप से लागू करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने सभी रसोइयों से खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करते हुए बच्चों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में मास्टर ट्रेनर जयराम सारथी ने सभी अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं उपस्थित रसोइयों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इन्हें भी पढ़े