गड्ढों और जर्जर सड़कों से परेशान ग्रामीण सड़क पर उतरे, अर्जुनी में अनिश्चितकालीन धरना शुरू

{Pankaj Kurre}

जांजगीर-चांपा | जिले में जर्जर सड़कों की समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब आंदोलन में बदल गया है। सड़क मरम्मत और तत्काल राहत कार्य शुरू कराने की मांग को लेकर शुक्रवार से अर्जुनी-रसेड़ा मोड़, NH-49 फोरलेन के पास ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।


धरने में ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र के कई पहुंच मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में हैं। जगह-जगह खराब सड़क और गड्ढों के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इन मार्गों की बदहाली का दावा


ग्रामीणों के अनुसार NH-49 फोरलेन से अर्जुनी-बोहापारा, करूमहू-बुटराभांवर, रसेड़ा, मुरलीडीह, अमोरा-नवापारा, रोगदा, दर्रीटाड़-कल्याणपुर, लटिया, पकरिया और पीपरसत्ती मुक्तिधाम तक जाने वाले पहुंच मार्ग जर्जर हो चुके हैं। इन मार्गों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों का नियमित आवागमन होता है।

1 सितंबर को दिया था ज्ञापन

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुधार की मांग को लेकर 1 सितंबर को कलेक्टर के नाम SDM अकलतरा और CEO जनपद पंचायत अकलतरा को ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में संबंधित सड़कों की मरम्मत और तत्काल राहत कार्य शुरू कराने की मांग की गई थी। ग्रामीणों ने 15 दिनों के भीतर काम शुरू कराने की मांग रखी थी।

ग्रामीणों के मुताबिक निर्धारित समय बीतने के बाद भी सड़क सुधार कार्य शुरू नहीं हुआ, जिसके बाद उन्होंने शुक्रवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।

मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात

प्रदर्शनकारियों ने कहा है कि जब तक संबंधित सड़कों की मरम्मत और तत्काल राहत कार्य शुरू नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रहेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित मार्गों का जल्द निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए।

अर्जुनी में शुरू हुआ यह आंदोलन क्षेत्र की सड़क व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही शिकायतों को सामने ला रहा है।

इन्हें भी पढ़े