पामगढ़ में दो सड़क हादसे: मासूम समेत 6 घायल, एक की हालत गंभीर
(पंकज कुर्रे)
पामगढ़। क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में मासूम बच्चों समेत कुल 6 लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पहला हादसा: ट्रैक्टर की टक्कर से इको वाहन के उड़े परखच्चे
अस्पताल से इको वाहन में घर लौट रहे एक परिवार को मुलमुला थाना से करीब 300 मीटर आगे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने रॉन्ग साइड से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इको वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
इस हादसे में
गौतम चौहान (24 वर्ष)
जगदीश कश्यप (45 वर्ष)
मोथरा बाई (42 वर्ष)
चंद्रशेखर कश्यप (25 वर्ष)
अवि कश्यप (2 वर्ष)
सभी निवासी झूलन, घायल हो गए।
घटना के बाद सभी को एंबुलेंस से पामगढ़ अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार 2 वर्षीय मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
दूसरा हादसा: पिकअप और बाइक की भिड़ंत, बच्ची का पैर टूटा
दूसरी घटना मधुकर पेट्रोल पंप के पास हुई, जहां बिलासपुर से खरौद जा रही एक बाइक की पिकअप वाहन से टक्कर हो गई।
इस दुर्घटना में:- शगुन सारथी (9 वर्ष), पिता रवि सारथी, निवासी बिलासपुर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में उसके माता-पिता को मामूली चोटें आई हैं, जबकि शगुन का पैर टूट गया है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।


