नगर की दो सगी बहनों को मिला पीएचडी की उपाधि, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने डॉ. श्वेता एवं डॉ. वर्षा को किया सम्मानित

(रौनक साहू)

कसडोल। भारती विश्वविद्यालय दुर्ग में आयोजित प्रथम दीक्षांत समारोह में देश के विभिन्न प्रांतों से आए प्रतिभागियों को पीएचडी की उपाधियाँ प्रदान की गईं। इसी क्रम में दो सगी बहनें—डॉ. श्वेता दुबे एवं डॉ. वर्षा मिश्रा—को रसायन शास्त्र विषय में पीएचडी की उपाधि छ. ग.शासन के उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा के हाथों सम्मानित किया गया। डॉ. श्वेता दुबे का शोध विषय “Evaluation of Soil Quality in Rasmada, Durg Chhattisgarh” रहा, जबकि उनकी छोटी बहन डॉ. वर्षा मिश्रा का शोध विषय “Study of Effect of Eutrophication on Soil Quality of Baloda Bazar, Raipur Chhattisgarh” था।

दोनों के शोध कार्य में उनकी गाइड एवं सुपरवाइज़र डॉ. प्रतिभा एस. कुरूप का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ। वर्तमान में डॉ. श्वेता दुबे शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, पीसेगांव में शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं तथा ग्रामीण शिक्षा को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वहीं डॉ. वर्षा मिश्रा अंचल के विख्यात शिक्षण संस्थान इंदिरा देवी गौरहा उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कसडोल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत हैं। दोनों बहनें प्रारंभ से ही मेधावी छात्राएँ रही हैं तथा स्कूली एवं उच्च शिक्षा के दौरान लगातार प्रवीण्य सूची में स्थान प्राप्त करती रही हैं। उनकी प्रारंभिक एवं उच्च शिक्षा कसडोल, बलौदाबाजार में पूर्ण हुई। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर उनके माता-पिता श्रीमती कुमुदिनी मिश्रा एवं श्री दिनेश मिश्रा (कसडोल) ने आशीर्वाद व हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए डॉ. श्वेता दुबे ने बताया कि शोध कार्य के दौरान उन्हें परिवार के सभी सदस्यों एवं सहकर्मी शिक्षकों का निरंतर प्रोत्साहन मिला। विशेष रूप से उनके पति श्री अविनाश दुबे, पुत्र आकाश दुबे तथा पुत्री श्रेष्ठा दुबे का सहयोग उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा।

डॉ. वर्षा मिश्रा ने कहा कि उनके शोध कार्य की सफलता में माता-पिता तथा परिवार के सभी सदस्यों का सतत सहयोग एवं मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। अंचल के समस्त नागरिकों ने डॉ. श्वेता दुबे एवं डॉ. वर्षा मिश्रा की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






इन्हें भी पढ़े