RAMP योजना के तहत युवाओं और महिला उद्यमियों के लिए विशेष ट्रेनिंग प्रोग्राम,चार बैचों में होगा आयोजन
(देवेश साहू)
बलौदाबाजार। वन उत्पादों से जुड़े उद्यमियों और स्व-सहायता समूहों के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। भारत सरकार की रैंप(RAMP) योजना अंतर्गत छग स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड (CSIDC) रायपुर के बैनर तले राष्ट्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम संस्थान (NIMSME) हैदराबाद द्वारा “माइनर फॉरेस्ट प्रोड्यूस–फूड प्रोसेसिंग” विषय पर सेक्टर स्पेसिफिक ट्रेनिंग प्रोग्राम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण कृषि विज्ञान केंद्र भाटापारा में चार बैचों में संपन्न होगा।
प्रशिक्षण का पहला बैच 16, 17 और 18 फरवरी को, दूसरा बैच 19, 20 और 21 फरवरी को, तीसरा बैच 23, 24 और 25 फरवरी को तथा चौथा बैच 26, 27 और 28 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगा।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को माइनर फॉरेस्ट प्रोड्यूस एवं फूड प्रोसेसिंग से संबंधित नवीन तकनीक, नए उत्पादों के विकास, आधुनिक मशीनरी के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही ब्रांडिंग, पैकेजिंग, मार्केटिंग, आवश्यक सर्टिफिकेशन और बिजनेस डेवलपमेंट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
फूड प्रोसेसिंग एवं लघु वनोपज से जुड़े उद्यमी, महिला उद्यमी, स्व-सहायता समूह तथा युवा इस प्रशिक्षण में भाग ले सकते हैं। प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क है। प्रशिक्षण उपरांत प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा तथा निःशुल्क उद्यम पंजीयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
पंजीयन के लिए इच्छुक प्रतिभागी संबंधित बैच के प्रथम दिवस सुबह 10:30 बजे कृषि विज्ञान केंद्र भाटापारा में आवश्यक दस्तावेज—आधार कार्ड (अनिवार्य), पैन कार्ड एवं बैंक खाता विवरण—के साथ उपस्थित हो सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए 75661 95551 पर संपर्क किया जा सकता है।









