एसपी कार्यालय में हंगामा: स्टाफ से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने वाला युवक गिरफ्तार, शासकीय कार्य में बाधा डालने व झूठे केस में फंसाने की धमकी देने पर भेजा गया जेल

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । जिला पुलिस कार्यालय में हंगामा कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, पुलिस कर्मचारियों से गाली-गलौज और धक्का-मुक्की करने वाले एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर पुलिस कर्मचारियों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने का भी आरोप है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पंकज कुमार चौबे (34 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा, थाना नवागढ़, जिला जांजगीर-चांपा 1 जून 2026 को दोपहर लगभग 2:30 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर पहुंचा था। उसने अजाक-जवाक शाखा में एक आवेदन प्रस्तुत कर तत्काल पावती देने की मांग की। ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मी द्वारा आवेदन का अवलोकन कर पावती देने की प्रक्रिया अपनाने की बात कहे जाने पर वह आक्रोशित हो गया।

बताया गया कि आरोपी ने महिला कर्मचारी से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए कहा कि आवेदन पढ़ने का अधिकार उसे नहीं है और तत्काल पावती देने का दबाव बनाने लगा। जब कर्मचारियों ने नियमानुसार प्रक्रिया पूरी करने की बात कही तो उसने कार्यालय में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उनके साथ भी गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की तथा झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मामले में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 405/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 121(1), 132, 296 एवं 351(3) के तहत प्रकरण कायम किया गया। थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी, आरक्षक नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत, दिलीप सिंह एवं तोरन डहरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इन्हें भी पढ़े