जर्जर सड़कों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश, 15 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

{Pankaj Kurre}

अकलतरा | प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्मित जर्जर पहुंच मार्गों की तत्काल मरम्मत एवं सुधार की मांग को लेकर संबंधित ग्रामवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अकलतरा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत अकलतरा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि 15 दिवस के भीतर सड़क सुधार कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।


ग्रामीणों ने बताया कि NH-49 फोरलेन से ग्राम पंचायत अर्जुनी, करूमहू, रसेड़ा, मुरलीडीह, अमोरा एवं रोगदा के पहुंच मार्गों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़कों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। खासकर स्कूली बसों, एंबुलेंस वाहनों और स्कूली बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति के चलते दुर्घटना की आशंका जताते हुए तत्काल सुधार कार्य की मांग की है।


ज्ञापन में मुख्य रूप से NH-49 फोरलेन से अर्जुनी, करूमहू एवं रसेड़ा पहुंच मार्ग तथा NH-49 फोरलेन फ्लाईओवर ब्रिज के नीचे से रोगदा, मुरलीडीह एवं अमोरा पहुंच मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराने, गड्ढों का भराव करने और आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की गई है।

इस मांग को डॉ. अंबेडकर विचार युवा संगठन अकलतरा का समर्थन मिला है। वहीं नगर पालिका परिषद अकलतरा के पार्षद राज कुमार सिंह एवं विजय खांडेल ने भी समर्थन पत्र सौंपा है।

ज्ञापन के दौरान सूरज भारती, सुरेंदर लहरे, विजय खांडेल, निक्कू पाटले, शिवशंकर जोगी, दीपक मनहर, अमन टंडन, कुंवर ओग्रे, छोटू सोनवानी, मुकेश भारद्वाज, धीरेन्द्र जांगड़े, शैलेन्द्र रात्रे, योगेश्वर पाल ओग्रे, मुकेश, सुखदेव श्रीवास, संदीप कुमार, पृथ्वीराज बर्मन एवं बालेश्वर कुमार सहित बड़ी संख्या में संबंधित ग्रामवासी उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जनहित को देखते हुए 15 दिवस के भीतर सड़क सुधार कार्य प्रारंभ कराने की मांग की है। निर्धारित अवधि में काम शुरू नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है।