किराना दुकान में सामान के पैसे मांगने पर युवक ने किया चाकू से हमला, दुकानदार घायल

(रौनक साहू)

कसडोल। थाना अंतर्गत समीपस्थ ग्राम ग्राम कोट (क) से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ एक किराना दुकान में सामान के पैसे मांगने पर एक युवक ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में दुकानदार के हाथ के पंजे और शरीर पर चोट आया है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोट में किसान केवट की किराना दुकान है। रोज़ की तरह वे अपनी दुकान पर थे, तभी एक युवक दुकान पर सामान लेने पहुँचा। सामान लेने के बाद जब दुकानदार किसान केवट ने उससे पैसे मांगे, तो युवक भड़क गया। युवक ने “पैसे नहीं दूँगा” कहते हुए विवाद शुरू कर दिया और अपनी जेब से चाकू निकाल लिया। चाकू देखकर दुकानदार बुरी तरह डर गया और खुद को बचाने की कोशिश करने लगा। इसी बीच आरोपी युवक ने किसान केवट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। जब आरोपी ने चाकू से वार किया, तो किसान केवट ने खुद को बचाने के लिए हाथ आगे किया, जिससे चाकू सीधे उनके हाथ के पंजे पर जा लगा। खून से लथपथ दुकानदार की चीख-पुकार और शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग और उनके घरवाले तुरंत मौके पर दौड़े। इधर चश्मदीदों के मुताबिक घरवालों और ग्रामीणों को आता देख आरोपी युवक मौके से भाग रहा था लेकिन पकड़ा गया। इधर परिजनों ने तुरंत घायल किसान केवट को संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुँचाया।

“कसडोल पुलिस जांच में जुटी”

घटना की सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है और आरोपी शत्रुहन पाटले को गिरफ्तार कर लिया है। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश है और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहें है।

इनका कहना है..

ग्राम कोट में चाकुबाजी होने की जानकारी मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। मामले की विवेचना की जा रही है।

प्रवीण मिंज

थाना प्रभारी, कसडोल

इन्हें भी पढ़े