उफनती नाले में बहा युवक, कसडोल पुलिस और ग्रामीणों की मदद से किया गया रेस्क्यू 

(रौनक साहू)

कसडोल। थाना क्षेत्र के बरघाट में तेज बारिश के चलते नाला पार करते समय मध्यप्रदेश का एक युवक अनियंत्रित होकर तेज बहाव में बह गया। हालांकि, युवक एक पेड़ के सहारे रुक गया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों, डायल 112 की टीम और कसडोल पुलिस की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


मिली जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश के सतना निवासी धनंजय गर्ग वर्तमान में ग्रासिम सीमेंट रावन में पॉइंटमैन के पद पर कार्यरत हैं। शनिवार को बरघाट स्थित नाला पार करते समय तेज बहाव के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे पानी के तेज बहाव में बह गए। गनीमत रही कि युवक एक पेड़ के सहारे रुक गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल 112 की टीम सहित कसडोल पुलिस बल को सूचना दी गई। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू के बाद धनंजय गर्ग को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

गौरतलब है कि कसडोल क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार तेज बारिश हो रही है। बारिश के कारण क्षेत्र के नदी-नाले उफान पर हैं और कई स्थानों पर आवागमन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और जलस्तर कम होने तक सुरक्षित स्थान पर रहें।

इन्हें भी पढ़े