विशाल रक्तदान शिविर में 62 यूनिट रक्त संग्रह : सब्बो संगवारी शिक्षा एवं सेवा समिति की पहल, महिलाओं समेत ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान
(पंकज कुर्रे)
अकलतरा । सब्बो संगवारी शिक्षा एवं सेवा समिति, कोटमी सोनार द्वारा आशीर्वाद ब्लड बैंक बिलासपुर के सहयोग से 30 मई को विशाल रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। मानव सेवा और जनकल्याण के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में ग्राम कोटमी सोनार सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
शिविर में कुल 62 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, जिनमें 2 महिला रक्तदाता भी शामिल रहीं। ग्राम कोटमी सोनार की थाना प्रभारी श्रीमती प्रतिभा राठौर एवं श्रीमती अनीता बघेल ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया और रक्तदान के महत्व का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आनंद प्रकाश मिरी, पूर्व सरपंच डॉ. अलीम खान, थाना प्रभारी प्रतिभा राठौर, डिप्टी कलेक्टर सत्येंद्र कुमार बंजारे, असिस्टेंट डायरेक्टर सिद्धांत दुबे तथा सहायक विकास विस्तार अधिकारी शशांक श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर पुलिस विभाग, शिक्षक समुदाय, आर्मी, स्वास्थ्य विभाग तथा विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी रक्तदान कर समाज के समक्ष अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया तथा इसे मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया।
मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान
रक्तदान शिविर के दौरान ग्राम के मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अनम तंबोली एवं हेमा साहू को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
समिति एवं युवाओं की रही महत्वपूर्ण भूमिका
यह आयोजन समिति अध्यक्ष अजय मनहर के मार्गदर्शन में तथा शुभम बघेल (समिति निरीक्षक), राहुल वस्त्रकार एवं रूपेंद्र कुमार वैष्णव के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में भरत डहरिया का विशेष योगदान रहा। इसके अलावा दिल सिंह बघेल, दिलेश कुर्रे, मनोज कुर्रे, पीयूष भार्गव, अविनाश लहरे, परमानंद धुरी सहित समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं ग्रामवासियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
समिति द्वारा संचालित नवोदय विशेष कक्षा, क्रोकोडाइल डिफेंस एकेडमी एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थियों ने भी जागरूकता रैली निकालकर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया और शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में समिति ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का माध्यम बनता है।”
समिति का मूल संदेश — “सब्बो संगवारी के एके पहचान — सेवा, शिक्षा अउ रक्तदान” — पूरे आयोजन के दौरान लोगों के बीच प्रेरणा का केंद्र बना रहा।


