धमतरी कलेक्टर के खिलाफ पारित किया निंदा प्रस्ताव, तहसीलदार के निलंबन से आक्रोशित है छग कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ 

(देवेश साहू)

रायपुर।  छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ ने धमतरी कलेक्टर नम्रता गांधी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया है। संघ का कहना है की धमतरी कलेक्टर ने असंवेदनशील तानाशाही रवैया अपनाते हुए अपने आंख का ऑपरेशन कराने गए तहसीलदार अनुज पटेल को निलंबित कर दिया है जबकि तहसीलदार ने विधिवत अवकाश लेकर कलेक्टर को दूरभाष से सूचित भी किया था।

विदित हो की रायपुर कमिश्नर महादेव कावरे ने मंगलवार 11 सितंबर को बेलरगांव में पदस्थ तहसीलदार अनुज पटेल को निलंबित कर दिया है। जिसकी वजह तहसीलदार अनुज पटेल का बिना अनुमति या सक्षम स्वीकृति के आदी होने, मुख्यालय से बाहर रहने और शासकीय कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होना बताया गया है। कमिश्नर महादेव कावरे की ओर से जारी किए गए निलंबन आदेश में कलेक्टर धमतरी नम्रता गांधी से मिले प्रतिवेदन का ज़िक्र है। इस निलंबन को लेकर ही छग कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ आक्रोशित है।

बिना नोटिस किया निलंबन…

इस पूरे मामले को लेकर छ ग कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ का कहना है की तहसीलदार अनुज पटेल ने आंखों के ऑपरेशन के लिए एसडीएम को विधिवत आवेदन देकर अवकाश लिया था। संघ का दावा यह भी है कि, मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए अवकाश पर जाने की सूचना कलेक्टर धमतरी को भी दूरभाष पर दी गई थी। इसके बावजूद तहसीलदार को निलंबित करने का प्रस्ताव भेजा गया। संघ की यह भी दलील है कि, निलंबन के पहले ना तो कोई नोटिस दिया गया और ना ही पक्ष सुना गया और सीधे सस्पेंड कर दिया गया।

लेक्टर को हटाने की है मांग…

छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के सदस्यों ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए आयोजित प्रदेश स्तरीय बैठक में यह फ़ैसला लिया है कि धमतरी कलेक्टर नम्रता गांधी को तत्काल हटाया जाने की मांग की जाएगी और यदि ऐसा नहीं हुआ तो सोमवार से प्रदेश में आंदोलन किया जाएगा। संकेत हैं कि, प्रदेश के तहसीलदार और नायब तहसीलदार हड़ताल पर जा सकते हैं। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा के प्रदेश अध्यक्ष नीलमणि दुबे का कहना है की “अनुज पटेल के निलंबन का प्रस्ताव भेजना कलेक्टर धमतरी की असंवेदनशीलता है। मोतियाबिंद का ऑपरेशन नहीं होता तो दिक्कत बढ़ती। इसकी सूचना दी गई थी फिर भी सस्पेंड कर दिया गया। धमतरी कलेक्टर को नहीं हटाया गया तो संघ सोमवार से आंदोलन पर उतरेगा। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को संघ ज्ञापन सौंपेगा और आंदोलन की सूचना देगा।