पामगढ़ डबल मर्डर का खुलासा: 10 लाख रुपये के विवाद में दोहरे हत्याकांड की साजिश, आरोपी गिरफ्तार

{Pankaj Kurre}

जांजगीर-चांपा | पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुटराबोड़ हेलीपैड के पास शराब सेवन के बाद दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने डबल मर्डर केस का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार, 10 लाख रुपये के उधारी विवाद में जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े की हत्या की साजिश रची गई। मामले में पनगांव निवासी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार किया गया है।

शराब में सुहागा मिलाकर पिलाने का आरोप

घटना 23 अक्टूबर 2026 की रात की है। ग्राम पनगांव निवासी जोहित खरे और नेवराबंद निवासी रामखिलावन जांगड़े कुटराबोड़ हेलीपैड के पास चखना दुकान पहुंचे थे। शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में उन्हें बिलासपुर के अपोलो और सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 24 अक्टूबर को उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर के संकेत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की।

10 लाख रुपये की उधारी बना हत्या की वजह

पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी राजा खरे ने करीब चार माह पहले जोहित खरे से 10 लाख रुपये उधार लिए थे। रकम वापस मांगने पर आरोपी ने 5.50 लाख और 6 लाख रुपये के दो चेक दिए, लेकिन दोनों चेक बाउंस हो गए। घटना वाले दिन भी जोहित ने पैसे लौटाने के लिए आरोपी से बात की थी। पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते आरोपी ने हत्या की योजना बनाई।

शराब की बोतल में मिलाया सुहागा

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मुकेश कश्यप से शराब मंगवाई। इसके बाद जोहित खरे और रामखिलावन जांगड़े को फोन कर बुलाया। आरोप है कि आरोपी ने अपने पास रखी पुड़िया से सुहागा निकालकर शराब में मिलाया और वह शराब दोनों को पिला दी। कुछ ही देर में दोनों की तबीयत बिगड़ गई। पुलिस की गाड़ी आते देख मुकेश कश्यप के वहां से भागने की बात भी जांच में सामने आई है।

साइबर तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ से खुलासा

मृतक जोहित खरे की बेटी मनीषा खरे की लिखित रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया। साइबर तकनीकी साक्ष्यों, गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के पुनर्निर्माण के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से शराब की खाली बोतल और सुहागा की पुड़िया जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी राजा उर्फ कमलनाथ खरे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है।