सड़क सुरक्षा, डिजिटल जनगणना और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन पर जोर, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, जनगणना 2027 की तैयारियों को गति देने और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने महत्वपूर्ण पहल की। सोमवार को कलेक्टोरेट में आयोजित अलग-अलग बैठकों एवं कार्यक्रमों में सड़क सुरक्षा के उपायों, डिजिटल जनगणना की प्रक्रिया और भ्रष्टाचार उन्मूलन को लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों एवं चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा उपाय प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। आवश्यकतानुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर, कैट आई, रम्बल स्ट्रिप और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। राष्ट्रीय एवं प्रमुख सड़कों से अतिक्रमण हटाने, आवारा मवेशियों पर नियंत्रण और निर्माणाधीन मार्गों पर उचित रूट डायवर्जन की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
एसपी ने राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर नियमित पेट्रोलिंग करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को गोल्डन ऑवर के दौरान तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने को भी कहा गया।
डिजिटल जनगणना 2027 की तैयारियों को गति
जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें अधिकारियों को डिजिटल माध्यम से आंकड़ों के संकलन, मोबाइल एप, सीएमएमएस पोर्टल और जनगणना कार्य की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जनगणना कार्य समयबद्ध, व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
सत्यनिष्ठा की शपथ, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का संकल्प
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत कलेक्टर ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारी-कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। सभी ने जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में ईमानदारी एवं पारदर्शिता बनाए रखने, न रिश्वत लेने और न देने तथा भ्रष्टाचार की घटनाओं की सूचना संबंधित एजेंसी को देने का संकल्प लिया।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में सुरक्षित यातायात, व्यवस्थित जनगणना और पारदर्शी प्रशासन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, प्रमोद कुमार गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

