चैतन्य कालेज पामगढ़ ने मनाया गांधी जयंती, स्वच्छता ही सेवा अभियान चलाकर लोगों को किया जागरूक
(पंकज कुर्रे)
पामगढ़। चैतन्य कॉलेज, पामगढ़ के द्वारा 2 अक्टूबर बुधवार को, गांधी जयंती के अवसर पर “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती के तैलचित्र पर द्वीप प्रज्वलित कर तथा राष्ट्र पिता महात्मा गांधी के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर बी.एड. प्रशिक्षुओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया और स्वच्छ और हरित वातावरण की दिशा में अपना योगदान दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के संचालक वीरेंद्र तिवारी तथा प्रभारी प्राचार्य श्रीमती चंचल यादव एवं समस्त सहायक प्राध्यापक विशेष रूप से उपस्थित थे। महाविद्यालय के संचालक वीरेंद्र तिवारी ने कहा कि महात्मा गांधी के जन्मदिवस पर उनकी उपलब्धियों को उजागर करने के साथ ही उनके आदर्शों को बनाए रखने का संकल्प लिया जाता है. खासतौर से पीढ़ी दर पीढ़ी गांधी जी के शांति और अहिंसा के सिद्धांत से परिचय करने की कोशिश की जाती है।श्रीमती चंचल यादव ने महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों पर जोर देते हुए स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला।
महाविद्यालय परिसर से स्वच्छता अभियान चलाते हुए छात्रों को दो समूहों में विभाजित किया गया पामगढ़ के बाजार क्षेत्र और देव सेवा वृद्धाश्रम में स्वच्छता अभियान चलाया गया। पामगढ़ के सोमवारी बाजार क्षेत्र में प्रशिक्षुओं ने सफाई करते हुए सड़कों की झाड़ू लगाई, कचरे को हटाया, और दुकानदारों और स्थानीय लोगों के बीच स्वच्छता बनाए रखने के महत्व को लेकर जागरूकता फैलाई। प्रशिक्षुओं ने लोगों से कचरे के सही निपटान और कचरे के पृथक्करण की आवश्यकता के बारे में बातचीत की। दूसरी ओर, एक अन्य समूह ने देव सेवा वृद्धाश्रम में स्वच्छता के साथ साथ बुजुर्गों के साथ समय बिताकर उन्हें सामाजिक सरोकार और देखभाल का अनुभव कराया। प्रशिक्षुओं ने लोगों से स्वच्छता के महत्व पर चर्चा की, जो एक स्वस्थ और स्वच्छ जीवन शैली को बढ़ावा देती है। कार्यक्रम का समापन महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक, सुरेश भारद्वाज द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने बी.एड. प्रशिक्षुओं के उत्साह और कड़ी मेहनत की सराहना की और सभी से यह आग्रह किया कि वे स्वच्छता को केवल अभियान के दौरान ही नहीं, बल्कि अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित थे।









