मल्टीप्लेक्स में लड़कियों का दंगल: लात-घूंसे की जमकर बरसात..प्रत्यक्षदर्शी वीडियो बनाते रहे..अब हुआ वायरल

पंकज कुर्रे

जांजगीर-चांपा। जिले के चांपा शहर स्थित मुकुंद मल्टीप्लेक्स सिनेमा में शनिवार देर शाम अचानक हंगामा मच गया, जब दो युवतियों और दो महिलाओं के बीच कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। मौके पर मौजूद लोग स्थिति को समझ ही रहे थे कि महिलाओं के बीच लात-घूंसे चलने लगे। यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। खबर शतक इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद की शुरुआत मामूली बहस से हुई थी, लेकिन कुछ ही मिनटों में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि कई लोग लड़ाई रोकने की बजाय केवल रिकॉर्डिंग में व्यस्त थे, जिससे मल्टीप्लेक्स की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार मामला अब चांपा थाने पहुंच चुका है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है और विवाद की असल वजह जानने की कोशिश में जुटी है। फिलहाल किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी है।

प्रतिष्ठित मल्टीप्लेक्स में हुई इस घटना ने शहर में चर्चा तेज कर दी है। लोग सुरक्षा प्रबंधन पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। पुलिस की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।






इन्हें भी पढ़े