11–12वीं छात्रों का सड़क पर स्टंट, यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी

(रौनक साहू)

KASDOL NEWS: स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल कसडोल में शनिवार को आयोजित विदाई पार्टी के बाद कक्षा 11वीं–12वीं के छात्रों द्वारा कारों से खतरनाक स्टंट किए जाने का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें छात्र सार्वजनिक सड़क पर यातायात नियमों की खुलेआम अनदेखी करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि स्टंट करने वाले कई छात्र नाबालिग हैं और कई के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्र तेज रफ्तार कारों से स्टंट कर रहे हैं जिससे न केवल उनकी जान जोखिम में पड़ी बल्कि आम राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के दौरान सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ लेकिन मौके पर किसी तरह की सख्त कार्रवाई नजर नहीं आई। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि स्कूल परिसर से जुड़े आयोजनों में इस तरह की अनुशासनहीनता गंभीर चिंता का विषय है। साथ ही इस मामले में स्कूल प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

“स्कूल आयोजनों में बढ़ रही हिंसा और अव्यवस्था”

गौरतलब है कि हाल के दिनों में स्कूल आयोजनों के दौरान लगातार गंभीर घटनाएं सामने आ रही हैं। भाटापारा के एक स्कूल में वार्षिक उत्सव के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई थी वहीं ग्राम खैरा के एक स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव के दौरान एक छात्र पर एयर गन से फायरिंग किए जाने का मामला भी दर्ज हुआ था। इन घटनाओं से यह स्पष्ट होता है कि स्कूल आयोजनों में सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था कमजोर पड़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में स्कूल आयोजनों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तय किए जाएं ताकि छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। फिलहाल इस मामले में पुलिस या शिक्षा विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।






इन्हें भी पढ़े