पामगढ़ में नौकरी लगवाने के नाम पर 25 लाख की ठगी, तीन साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा
(पंकज कुर्रे)
बिलासपुर। थाना हिरीं पुलिस ने बेरोजगार युवकों को नौकरी दिलाने का झांसा देकर 25 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी वर्ष 2023 से फरार चल रहा था और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार मामले में अपराध क्रमांक 10/2026, धारा 420 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा भैया लहरे (26) के रूप में हुई है, जो ग्राम छैडोलिया (कोसा), थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा जिला का निवासी है।
ऐसे रचा ठगी का खेल
प्रार्थी अंबिका प्रसाद भारद्वाज (50) निवासी चण्डीपारा उरैहा पामगढ़ ने शिकायत में बताया कि आरोपी ने उनके पुत्र राहुल भारद्वाज और भतीजे हरिश को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोपी ने ऑनलाइन बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से 17 लाख 65 हजार रुपये और नगद 7 लाख 35 हजार रुपये, कुल 25 लाख रुपये ऐंठ लिए। अक्टूबर 2023 में रकम लेने के बाद आरोपी फरार हो गया।

दबाव बनाने पर दर्ज कराया ‘गुम इंसान’ मामला
जब प्रार्थी ने पैसे वापस करने के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी के परिजनों ने थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा जिला में गुम इंसान क्रमांक 56/2023 दर्ज करा दिया। इसके बाद आरोपी लगातार फरारी काटता रहा।
न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ अपराध
पीड़ित द्वारा न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत करने पर न्यायालय के आदेश से थाना हिरीं में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार पतासाजी के आधार पर 20 फरवरी 2026 को ग्राम छैडोलिया, थाना मुलमुला में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
नगद और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 75 हजार रुपये नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस अन्य संभावित पीड़ितों की भी जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई से बेरोजगार युवाओं को नौकरी के नाम पर ठगने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त संदेश गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर बड़ी रकम देने से पहले पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें।









