कर्तव्य में लापरवाही और ड्यूटी के दौरान शराब सेवन: प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर निलंबित

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा। जिले में पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना अकलतरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर को कर्तव्य में लापरवाही बरतने और ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर को थाना अकलतरा में रोजनामचा लेखन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन उनके द्वारा यह कार्य समय पर और निर्धारित नियमों के अनुसार नहीं किया जा रहा था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि वे ड्यूटी के दौरान शराब का सेवन करते पाए गए, जो पुलिस विभाग के अनुशासन और सेवा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना जाता है।

मामले की जानकारी मिलने के बाद इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने तत्काल जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसपी ने कड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक अजय सिंह कंवर को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ऐसे में ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में संदेश गया है कि विभागीय नियमों का पालन करना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए अनिवार्य है।






इन्हें भी पढ़े