पीएम किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त जारी, जांजगीर-चांपा जिले के 118890 किसानों को 23.91 करोड़ रुपये मिले

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा । प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत देशभर के किसानों को बड़ी राहत देते हुए 22वीं किस्त की राशि जारी कर दी गई है। नरेंद्र मोदी ने गुवाहाटी, असम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान डीबीटी के माध्यम से देशभर के पात्र किसानों के बैंक खातों में लगभग 18,650 करोड़ रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की।

जिले में इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र जर्वे (च) जांजगीर में पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया। कृषि विभाग के उप संचालक ने बताया कि जांजगीर-चांपा जिले के 1,18,890 किसानों के डीबीटी बैंक खातों में कुल 23.91 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है।

कार्यक्रम के दौरान जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी पीएम किसान उत्सव दिवस के रूप में आयोजन कर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। किसानों ने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री एवं केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।

कृषि विभाग के उप संचालक राकेश कुमार शर्मा ने किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए रबी फसलों में दलहन एवं तिलहन के रकबे को बढ़ाने की अपील की। साथ ही किसानों को मिट्टी परीक्षण के महत्व के बारे में भी बताया गया।

कृषि विज्ञान केंद्र के प्रमुख डॉ. के. डी. महंत ने किसानों को प्राकृतिक खेती के लाभ और महत्व के बारे में जानकारी देते हुए जीवामृत और बीजामृत बनाने की विधि एवं उपयोग की विस्तृत जानकारी दी।

जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, कृषकगण, गुलाब सिंह चंदेल, जर्वे (च) के सरपंच कमल कश्यप सहित कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।






इन्हें भी पढ़े