जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिना हेल्पर दौड़ रहे ट्रेलर-हाइवा पर पुलिस सख्त, दो दिन में 153 बड़े वाहनों पर कार्रवाई
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर बड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। दो दिन तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने ट्रेलर, हाइवा, ट्रक सहित 153 बड़े वाहनों को पकड़ा, जिनमें हेल्पर नहीं रखा गया था।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और SDOP अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में टीम ने NH-49 अकलतरा, जांजगीर, बलौदा और मुलमुला क्षेत्र के राजमार्गों पर कैंप लगाकर भारी वाहनों की सघन जांच की।
जांच के दौरान पाया गया कि कई बड़े वाहन बिना हेल्पर के ही सड़कों पर संचालित किए जा रहे थे। ऐसे सभी वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बड़े वाहनों में हेल्पर का होना बेहद जरूरी होता है, क्योंकि वाहन को पीछे करते समय, संकरे रास्तों में निकालते समय और आपात स्थिति में हेल्पर चालक की मदद करता है। हेल्पर नहीं होने से दुर्घटनाओं की संभावना काफी बढ़ जाती है।
👮 पुलिस की अपील
जांजगीर पुलिस ने सभी वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि बड़े वाहनों का संचालन करते समय अनिवार्य रूप से हेल्पर रखें और सभी यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में निरीक्षक सुभाष चौबे (यातायात शाखा जांजगीर), निरीक्षक भास्कर शर्मा (थाना प्रभारी अकलतरा), निरीक्षक मनोहर सिन्हा (थाना प्रभारी बलौदा) और निरीक्षक पारस पटेल (थाना प्रभारी मुलमुला) का सराहनीय योगदान रहा।









