IG रतन लाल डांगी निलंबित: सोशल मीडिया में आपत्तिजनक फोटो वायरल होने पर, पुलिस विभाग की बड़ी कार्रवाई 

नया रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी रतन लाल डांगी (बैच 2003) को निलंबित कर दिया है। यह आदेश मंत्रालय, महानदी भवन, नया रायपुर अटल नगर से जारी किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, IPS डांगी पर अपने पद के अनुरूप आचरण न करने, अनुशासनहीनता एवं नैतिकता के विरुद्ध व्यवहार करने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। साथ ही, उन पर अपने पद के प्रभाव का दुरुपयोग करने और स्थापित सामाजिक मानकों का उल्लंघन करने का भी आरोप है। यह कृत्य अखिल भारतीय सेवा (आचरण) नियम 1968 के विभिन्न प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन माना गया है।

बताया गया है कि IPS डांगी से जुड़ा एक कृत्य इलेक्ट्रॉनिक एवं सोशल मीडिया में व्यापक रूप से प्रसारित हुआ, जिससे आमजन में पुलिस विभाग की छवि धूमिल हुई। शासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्हें व्यक्तिगत रूप से पूर्णतः जिम्मेदार माना है और उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्णय लिया है।

आदेश के तहत, निलंबन अवधि में श्री रतन लाल डांगी का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा, लेकिन वे बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

इन्हें भी पढ़े