ससहा मेन रोड पर तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, पामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ससहा में मुख्य मार्ग पर तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 28 मार्च को थाना पामगढ़ को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम ससहा मेन रोड पर एक युवक लोहे की धारदार तलवार लहराकर राहगीरों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना पामगढ़ पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरूदेव निषाद, निवासी ससहा, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से लोहे की धारदार तलवार बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 139/2026 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अशोक यादव, आरक्षक राघवेंद्र लहरे एवं भुवनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा।

इन्हें भी पढ़े