परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा (TDC26) : 19 अप्रैल को होगी परीक्षा, 6664 अभ्यर्थी होंगे शामिल, जारी हुए सख्त दिशा-निर्देश
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली परिवहन आरक्षक भर्ती परीक्षा 2026 (TDC26) को लेकर जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस परीक्षा में जिले के 23 परीक्षा केन्द्रों में कुल 6664 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षार्थियों की सुविधा एवं परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश—
परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा के एक दिन पहले अपने परीक्षा केन्द्र का अवलोकन अवश्य कर लें, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम 2 घंटे पहले परीक्षा केन्द्र पहुंचना अनिवार्य होगा, जिससे उनकी फ्रिस्किंग एवं फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र से सत्यापन किया जा सके।
परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व परीक्षा केन्द्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। निर्धारित समय अनुसार मुख्य द्वार सुबह 10:30 बजे बंद हो जाएगा, इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
ड्रेस कोड के तहत अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आना होगा। काले, गहरे नीले, हरे, जमुनी, मैरून, बैंगनी एवं गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना प्रतिबंधित रहेगा। केवल साधारण बिना पॉकेट वाला स्वेटर पहनने की अनुमति होगी, जिसे जांच के दौरान उतारकर दिखाना होगा।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय पहले पहुंचना होगा, जहां विशेष जांच के बाद ही उन्हें अनुमति दी जाएगी।
फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनने की अनुमति है। कान में किसी भी प्रकार के आभूषण पहनना प्रतिबंधित रहेगा।
परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। अभ्यर्थियों को केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन के साथ परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित अभ्यर्थी की अभ्यर्थिता तत्काल निरस्त कर दी जाएगी।
:- समाचार एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करें – पंकज कुर्रे मो • 7240976439


