बारात में बाजा बजाने को लेकर विवाद, मारपीट में बदला मामला – 4 आरोपी गिरफ्तार
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा। जिले के थाना मुलमुला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पौना में बारात के दौरान बाजा बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में कई बाराती घायल हो गए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी देवराज बरेठ निवासी ग्राम खोखरा ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 16 अप्रैल 2026 को वह बारात में शामिल होने ग्राम पौना गया था। बाराती स्कूल पारा के पास बाजा बजाते हुए नाच-गाना कर रहे थे, तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और बाजा बंद कराने को लेकर गाली-गलौच शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने बारातियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे मनेश्वर यादव सहित अन्य लोगों पर भी आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान प्रार्थी के सिर पर प्राणघातक वार किया गया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। वहीं धनंजय यादव की आंख में गंभीर चोट आई है। सभी घायलों को जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल धनंजय यादव को सिम्स अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मुलमुला पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद सभी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
नरेन्द्र उर्फ लालू नंगरा कश्यप (24 वर्ष)
सरोज कश्यप (20 वर्ष)
विमल कश्यप (22 वर्ष)
संजय कश्यप (27 वर्ष)
सभी निवासी ग्राम पौना, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय के नेतृत्व में एएसआई प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलवीर सिंह राज, राजमणि द्विवेदी तथा आरक्षक मनभावन पटेल एवं भूपेंद्र कंवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


