JANJGIR BREAKING: करही में फिर सनसनी: आधी रात घर में घुसकर बड़े भाई की गोली मारकर हत्या, छोटा भाई घायल

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा | जिले के करही गांव में एक बार फिर दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बीती रात करीब आधी रात के समय 3 नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में बड़े भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गोली चलने की आवाज से गांव में सनसनी फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बदमाश सीधे घर के अंदर घुसे और सो रहे भाइयों को निशाना बनाते हुए सिर में गोली मार दी। घायल छोटे भाई को तत्काल अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। इस हत्याकांड के पीछे पुरानी रंजिश और अवैध रेत उत्खनन से जुड़ा विवाद कारण सामने आ सकता है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी रात में ही मौके पर पहुंच गए। बिर्रा थाना क्षेत्र की पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है, वहीं संदिग्धों से पूछताछ भी जारी है।

करही गांव में पहले भी आपराधिक घटनाएं सामने आ चुकी हैं।