प्यार, शक और साजिश: पति ने गला दबाकर की पत्नी की हत्या, करंट लगने का रचा खौफनाक नाटक

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पहले जिसे करंट लगने से मौत बताया जा रहा था, वह दरअसल एक सुनियोजित हत्या निकली। पुलिस ने मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।


पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका श्रीमती ललिता मिरी की मृत्यु को लेकर उसके पति द्वारा करंट लगने की सूचना दी गई थी। इस पर थाना बलौदा में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्रीमती निवेदिता पाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पुलिस ने जांच तेज की। मृतिका के परिजनों और आरोपी पति से पूछताछ के दौरान सच्चाई सामने आई।

जांच में पता चला कि आरोपी पति महेंद्र मिरी का किसी अन्य महिला से अवैध संबंध होने का संदेह मृतिका को था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी। घटना की रात 28-29 अप्रैल 2026 को आरोपी ने हत्या की नीयत से पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने सबूत मिटाने और घटना को दुर्घटना दर्शाने के लिए शव को बाथरूम में ले जाकर इमर्शन रॉड के जरिए करंट लगने जैसा दृश्य तैयार किया।

साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्यवाही में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सउनि रामदुलार साहू , सुनिल टैगोर, प्र.आर. गजाधर पाटनवार, महिला प्रधान आरक्षक रामकुमारी मार्को, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे टिकेश्वर राठौर, जयराम बिंझवार, संदीप सोनंत, लखेश विष्वकर्मा, योगेश यादव, महिला आरक्षक रूखमणी निर्मलकर का सराहनीय योगदान रहा।

इन्हें भी पढ़े