पामगढ़ में गुंडागर्दी पर पुलिस का शिकंजा: घर में घुसकर मारपीट करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, सभी भेजे गए न्यायिक रिमांड पर

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा | पामगढ़ थाना क्षेत्र में घर में घुसकर महिलाओं एवं परिवार के साथ मारपीट और धमकी देने के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।

पहला मामला: महिला और उसकी बहन से मारपीट

प्रार्थिया श्रीमती सुभद्रा सूर्यवंशी ने थाना पामगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 अप्रैल 2026 को मकान निर्माण के दौरान गली में चहली लगाने को लेकर पड़ोसी यशवंत उर्फ छोटन सूर्यवंशी (23 वर्ष), निवासी दर्री से विवाद हो गया।

विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने घर में घुसकर प्रार्थिया एवं उसकी बहन के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने पर आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 296, 351(3) एवं 115(2) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

दूसरा मामला: रंजिश में घर में घुसकर सामूहिक मारपीट

एक अन्य मामले में प्रार्थी चन्द्रशेखर सिंह ने 10 अप्रैल 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जमीन विवाद की पुरानी रंजिश के चलते तीन आरोपियों ने एक राय होकर रात्रि में उनके घर में जबरन घुसकर गाली-गलौच करते हुए मारपीट की।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीनों आरोपियों—

रवि बैस (33 वर्ष), संदीप बैस (36 वर्ष), संतोष बैस (56 वर्ष) सभी निवासी चंडीपारा, थाना पामगढ़—को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 331(6), 296, 351(3), 115(2), 3(5), 324(3) के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इन दोनों मामलों में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की। टीम में प्रआर. राजेश कोशले, विजय निराला, आरक्षक बेदराम पटेल, सउनि सरोज पाटले, आरक्षक चंद्रशेखर कैवर्त्य, श्याम ओग्रे एवं लक्ष्मीकांत का विशेष योगदान रहा।

पामगढ़ पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से साफ है कि क्षेत्र में अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

इन्हें भी पढ़े