सुशासन तिहार 2026: सेमरिया में लगा जनसमस्या निवारण शिविर, 708 से अधिक आवेदन प्राप्त

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा | मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत जांजगीर-चांपा जिले में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन लगातार जारी है। जनपद पंचायत पामगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमरिया में शिविर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं और मांगें प्रस्तुत कीं।


सेमरिया क्लस्टर के अंतर्गत सेमरिया, कोनार, मुलमुला, नंदेली, भैंसो, झिलमिली, कोसा, डिघोरा, बोरसी, जेवरा, कोसीर, केसला, झूलन, चोरभट्ठी, खपरी, जोगीडीपा, पचरी, लगरा, सिल्ली और चण्डीपारा सहित कई पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को जाल, आइस बॉक्स, किसान किताब, नैनो यूरिया, आवास योजना की चाबी, स्वामित्व कार्ड, बी-1, नक्शा-खसरा सहित अन्य सामग्री, चेक और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों की चाबियां भी हितग्राहियों को सौंपी गईं। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।


708 आवेदन पहुंचे, अधिकतर मांग से जुड़े

ग्राम पंचायत सेमरिया में कुल 708 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 700 मांग और 8 शिकायत से संबंधित रहे। आवेदन राजस्व मामलों (नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन), आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, बिजली, ट्रांसफार्मर, आधार, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, पेंशन और श्रम कार्ड जैसी समस्याओं से जुड़े रहे।

जनप्रतिनिधियों ने किया संबोधित:-

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर लाभ लेने की अपील की।

कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश:-

कलेक्टर महोबे ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिविरों के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से एग्रीस्टेक में पंजीयन कराने का आग्रह किया तथा संबंधित विभागों को बीज, खाद, किसान क्रेडिट कार्ड और बागवानी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवेदनों के शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली सहित जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंच और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े