जांजगीर-चांपा पुलिस में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, अवैध रेत उत्खनन रोकने “Illegal Mining Task Force” गठित

(पंकज कुर्रे)

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय द्वारा जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी कार्रवाई के लिए दो महत्वपूर्ण आदेश जारी किए गए हैं।

पहले आदेश में प्रशासनिक दृष्टिकोण से निरीक्षक एवं कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक कमलेश कुमार शेडे को थाना प्रभारी नवागढ़ से रक्षित केंद्र जांजगीर भेजा गया है। वहीं निरीक्षक मणिकांता पाण्डेय को यातायात शाखा से थाना प्रभारी नवागढ़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा सउनि सियाराम यादव का तबादला थाना नवागढ़ से थाना बम्हनीडीह किया गया है।

वहीं दूसरे आदेश में जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से “Illegal Mining Task Force” का गठन किया गया है। इस टास्क फोर्स के पर्यवेक्षण अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप होंगे तथा इसका मुख्यालय जांजगीर में रहेगा।

गठित टास्क फोर्स को सूचना मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी के साथ मिलकर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस विभाग द्वारा ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखने की भी व्यवस्था की गई है। ड्रोन संचालन की जिम्मेदारी आरक्षक राजकमल ओझा को सौंपी गई है।

पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अवैध खनन से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिदिन की रिपोर्ट पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से उपलब्ध कराएं।