अकलतरा में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से दो सगी बहनों की मौत, गांव में पसरा मातम

(पंकज कुर्रे) 

अकलतरा। ग्राम पंचायत अर्जुनी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में नहाने गई दो मासूम सगी बहनों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, अर्जुनी निवासी अशोक रात्रे की दो बेटियां मुस्कान रात्रे (10 वर्ष) और श्रुति रात्रे (8 वर्ष) तालाब में नहाने गई थीं। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। आसपास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग तुरंत तालाब की ओर दौड़े और बच्चों की तलाश में तालाब में कूद गए।

काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चियों को तालाब से बाहर निकाला गया। इसके बाद ग्राम अर्जुनी के सभापति, महिला एवं बाल विकास सभापति के छोटे बेटे अभय टंडन, राहुल, लक्की, भोलू, अर्जुन, दीपेश्वर, अमन टंडन एवं अन्य साथियों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों बच्चियों को तत्काल अकलतरा स्थित धरम हॉस्पिटल पहुंचाया।

हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।