प्रदेश कांग्रेस कमेटी पिछड़ावर्ग विभाग में जिला अध्यक्षों की हुई नियुक्ति, शहर जिलाध्यक्ष गणेश शंकर साहू एवं ग्रामीण जिलाध्यक्ष रामचंद्र पटेल नियुक्त
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग छत्तीसगढ़ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष विमल साहू ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में नियुक्त किए गए सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा सामाजिक न्याय, पिछड़े वर्गों के अधिकारों और संगठन की मजबूती के लिए प्रतिबद्ध रही है। नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के नेतृत्व में प्रदेशभर में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा कांग्रेस की विचारधारा गांव-गांव तक पहुंचेगी।
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष विमल साहू ने अपने गृह जिला बलौदा बाजार के नवनियुक्त शहर जिला अध्यक्ष गणेश शंकर साहू एवं ग्रामीण जिला अध्यक्ष रामचंद्र पटेल की नियुक्ति पर विशेष हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों नेताओं का लंबे समय से संगठन में सक्रिय योगदान रहा है। उनकी नियुक्ति से बलौदा बाजार जिले में कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों अध्यक्ष समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे तथा सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों की आवाज को और अधिक प्रभावशाली तरीके से आगे बढ़ाएंगे।
विमल साहू ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सम्मान पहुंचाना है तथा ओबीसी वर्ग की भागीदारी को और अधिक सशक्त बनाना पार्टी की प्राथमिकता है।
अंत में उन्होंने सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के उज्ज्वल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में प्रदेश में कांग्रेस संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।


