नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रयास से मुक्तिधाम का होगा कायाकल्प, 48.08 लाख की मिली स्वीकृति
कसडोल। कसडोल नगर के वार्ड क्रमांक 06 अंतर्गत मेन रोड स्थित मुक्तिधाम का शीघ्र कायाकल्प किया जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू की संवेदनशील पहल से 48.08 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। अब जर्जर हो चुके शववाहन शेड एवं प्रतीक्षालय के पुनर्निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुक्तिधाम को गरिमामय, शांत एवं सुविधाजनक स्थल के रूप में विकसित करने के लिए अध्यक्ष श्री साहू ने इस कार्य को अपने चुनावी वादों में शामिल किया था, जिसे पूरा करने की दिशा में वे लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने वर्ष 2025- 26 के नगर पंचायत बजट में भी इस कार्य को प्राथमिकता से शामिल किया था। उनके अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप यह स्वीकृति प्राप्त हुई है।
राशि स्वीकृत होने से यहां शववाहन हेतु आरसीसी शेड, शौचालय, पेवर ब्लॉक एवं कांक्रीट शोकसभा गृह का निर्माण किया जाएगा। इससे नागरिकों को अंतिम संस्कार एवं शोक कार्यक्रमों के दौरान बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
मुक्तिधाम के कायाकल्प हेतु राशि स्वीकृत होने पर नगर पंचायत अध्यक्ष नागेश्वर साहू ने कहा कि कसडोल नगरवासियों को गर्मी, बरसात एवं ठंड के समय होने वाली परेशानियों को ध्यान में रखते हुए यह कार्य स्वीकृत कराया गया है। हमारा प्रयास है कि शोक कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों को शांत, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके।


