शासकीय आईटीआई जांजगीर में प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन का अवसर
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा । जिले के युवाओं के लिए तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। छत्तीसगढ़ राज्य के शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सत्र 2026-27 एवं 2026-28 के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। एनसीवीटी एवं एससीवीटी के विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून 2026 की रात्रि 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था जांजगीर के प्राचार्य ने बताया कि अभ्यर्थी स्वयं अथवा छत्तीसगढ़ ऑनलाइन के अधिकृत सहायता केंद्रों एवं लोक सेवा केंद्र (चॉइस सेंटर) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए विभागीय वेबसाइट https://cgiti.admissions.nic.in तथा https://cgiti.cg.gov.in पर उपलब्ध ऑनलाइन एप्लिकेशन-2026 लिंक का उपयोग किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को चॉइस लॉक करने से पहले पंजीयन, त्रुटि सुधार, इच्छित संस्थाओं एवं व्यवसायों का प्राथमिकता क्रम चयन तथा प्राथमिकताओं में संशोधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आवेदन प्रक्रिया के लिए ई-मेल आईडी एवं मोबाइल नंबर पहले से निर्धारित कर लेना आवश्यक है। अभ्यर्थियों को वही मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी दर्ज करने की सलाह दी गई है, जिन पर प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।
प्रवेश, चयन प्रक्रिया, संस्था में रिपोर्टिंग एवं अन्य आवश्यक निर्देश विभागीय वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकते हैं। प्रवेश संबंधी अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी कार्यालयीन समय में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था, जांजगीर (जिला जांजगीर-चांपा) से संपर्क कर सकते हैं।


