दो सगे भाइयों का AC चोरी कांड बेनकाब: 24 घंटे में मुलमुला पुलिस ने दबोचे आरोपी, 1.30 लाख का माल बरामद
(पंकज कुर्रे)
जांजगीर-चांपा | जिले की मुलमुला पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से एयर कंडीशनर और पंखों की चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए चार एयर कंडीशनर, दो सीलिंग फैन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
प्रार्थी राहुल अग्रवाल, निवासी झलमला रोड नरियरा ने थाना मुलमुला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके निर्माणाधीन मकान में फिटिंग के लिए 17 एयर कंडीशनर और 4 सीलिंग फैन सुरक्षित रखे गए थे। 31 मई की सुबह काम करने वाले विकास ने सूचना दी कि कमरे का ताला टूटा हुआ है। मौके पर पहुंचकर देखने पर चार एयर कंडीशनर और दो सीलिंग फैन गायब मिले। अज्ञात चोर ताला तोड़कर लगभग 1 लाख 30 हजार रुपये मूल्य का सामान चोरी कर ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) एवं 3(5) बीएनएस के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में थाना मुलमुला पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान फुटेज में दिखाई दे रहे संदिग्ध युवक की पहचान अमित केंवट निवासी बनाहिल के रूप में हुई।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अमित अपने सगे भाई के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। पुलिस ने संदेही अमित केंवट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन साक्ष्यों और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के बाद उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसने अपने बड़े भाई अमर केंवट के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए चार एयर कंडीशनर, दो सीलिंग फैन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-11 ZE-1377 बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपी
1. अमित केंवट (22 वर्ष), पिता रामचरण केंवट
2. अमर केंवट (24 वर्ष), पिता रामचरण केंवट
दोनों आरोपी बनाहिल चट्टान पारा, थाना मुलमुला के निवासी हैं।
मामले के सफल खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह, उप निरीक्षक पुष्पेन्द्र साहू, प्रमोद महार, फूलेश्वर सिदार, राजमणी द्विवेदी, आरक्षक राजेश कश्यप, मनभावन पटेल, भूपेन्द्र कंवर, मनोहर जगत, गोपेश्वर पटेल, रामगोपाल भारती सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


