मुड़पार के ग्रामीणों ने तहसील में जाकर ज्ञापन सौंपकर मृतक मजदूरों के परिजनों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा एवं नौकरी देने की मांग की

मदन खाण्डेकर

शिवरीनारायण। ग्राम मुड़पार के दो मजदूरों की कार्यस्थल पर हुई दर्दनाक मृत्यु के बाद उनके परिजनों को उचित सहायता दिलाने की मांग को लेकर ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने शिवरीनारायण तहसील पहुंचकर तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।


ग्रामीणों ने तुश्मा-शिवरीनारायण मुख्य मार्ग से तहसील कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर मृतक परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा शासन से न्याय की मांग की। ज्ञापन में मृतक मजदूरों के आश्रित परिवारों को 20-20 लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी प्रदान करने की मांग की गई।

ज्ञात हो कि ग्राम मुड़पार निवासी रामजी साहू (45 वर्ष) एवं सूरज चौहान (25 वर्ष) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में मजदूरी कार्य करने गए थे। कार्य के दौरान मिट्टी धंसने की दुर्घटना में दोनों की मृत्यु हो गई। इस हृदयविदारक घटना से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मृतकों के परिजनों को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान कर न्याय सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर एल.एस.यू. अध्यक्ष लखन सुबोध, वीरेंद्र भारद्वाज, अधिवक्ता देवेश कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वहीं कांग्रेस पार्टी की ओर से विधायक प्रतिनिधि शिव शंकर सोनी, पार्षद ओम प्रकाश साहू, सनी साहू, दीपक श्रीवास सहित अनेक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।

इन्हें भी पढ़े