सहकारिता सप्ताह 29 जून से 6 जुलाई तक: “सहकार से समृद्धि” अभियान के तहत जिलेभर में होंगे विविध कार्यक्रम

{Pankaj Kurre}

बिलासपुर । भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, बिलासपुर परिसर में शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में 29 जून से 6 जुलाई तक मनाए जाने वाले सहकारिता सप्ताह की विस्तृत रूपरेखा जारी की गई। इस दौरान सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण विकास, किसानों की आय वृद्धि और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


प्रेस वार्ता को जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष रजनीश कुमार सिंह एवं छत्तीसगढ़ लघु वनोपज निगम के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने संयुक्त रूप से संबोधित किया।

रजनीश कुमार सिंह ने कहा कि सहकारिता सप्ताह केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि “सहकार से समृद्धि” के राष्ट्रीय संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार पृथक सहकारिता मंत्रालय की स्थापना से देश के सहकारी आंदोलन को नई दिशा, नई पहचान और नई गति मिली है। आधुनिक तकनीक, डिजिटलीकरण, पारदर्शिता और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के साथ सहकारिता क्षेत्र को मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में प्राथमिक कृषि साख समितियों (PACS) के सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, डिजिटल सेवाओं के विकास तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए कई ऐतिहासिक पहल की गई हैं। इन प्रयासों से सहकारिता क्षेत्र में विश्वास और नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार सहकारिता को ग्रामीण विकास और किसानों की समृद्धि का प्रभावी माध्यम मानते हुए विभिन्न योजनाओं का सफल संचालन कर रही है। वहीं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्रिय, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।

छत्तीसगढ़ लघु वनोपज निगम के उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा ने बताया कि सहकारिता सप्ताह का उद्देश्य सहकारी क्षेत्र की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार-प्रसार, जनजागरूकता, सदस्यता विस्तार, हितधारकों की सहभागिता तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे रचनात्मक कार्यों को बढ़ावा देना है।

सहकारिता सप्ताह के प्रमुख कार्यक्रम इस प्रकार रहेंगे—

– 29 जून: प्राथमिक कृषि साख समितियों में सहकारी ध्वजारोहण, सदस्यता अभियान तथा दुग्ध एवं मत्स्य सहकारी समितियों के माध्यम से आय वृद्धि पर परिचर्चा।

– 30 जून: जिला सहकारी विकास समिति की बैठक एवं साख समितियों की भूमिका पर विचार-विमर्श।

– 1 जुलाई: ड्रोन के माध्यम से तरल उर्वरक छिड़काव का प्रदर्शन, कृषक संगोष्ठी एवं मृदा स्वास्थ्य पर परिचर्चा।

– 2 जुलाई: मॉडल साख समितियों का भ्रमण, माइक्रो एटीएम एवं रुपे कार्ड का वितरण।

– 3 जुलाई: वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, सहकारी समाचार पत्रों का प्रचार-प्रसार तथा “सहकार संकल्प दौड़” का आयोजन।

– 4 जुलाई: जनऔषधि केंद्रों में स्वास्थ्य शिविर तथा सहकारिता विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता।

– 5 जुलाई: राज्य के आकांक्षी जिलों में विशेष सदस्यता अभियान।

– 6 जुलाई: आईएफसी के लिए चिन्हित पैक्स गोदामों का भूमिपूजन।

प्रेस वार्ता में जिला सहकारी बैंक की उपाध्यक्ष श्रीमती रजनी साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) मोहित जायसवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष (शहर) दीपक सिंह, मीडिया संयोजक प्रणव शर्मा समदरिया, जिला सहकारी बैंक के सीईओ प्रभात मिश्रा, शैलू गोरख, यश देवांगन सहित बैंक एवं सहकारिता विभाग के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़े