महिला को ढाल बनाकर रेप का फर्जी शिकायत, पुलिस ने जांच में किया खुलासा, आरोप निकला फर्जी, शिकायतकर्ता सहित पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज
कसडोल। जिले के कसडोल क्षेत्र में कथित हनी ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का बड़ा मामला सामने आया है। कसडोल थाना पुलिस ने एक ऐसी साजिश का खुलासा करने का दावा किया है, जिसमें ग्राम कटगी के सरपंच और भाजपा मंडल अध्यक्ष व जनपद सदस्य पर दुष्कर्म का झूठा आरोप लगाकर फंसाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने इस मामले में एक पत्रकार सहित पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कसडोल थाना क्षेत्र की एक 18 वर्षीय युवती ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसकी सहेली एक युवती और उसके परिचितों ने उसे गांव की एक युवती की मदद करने का झांसा दिया। इसके बाद उसे ग्राम कटगी के सरपंच के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराने के लिए तैयार किया गया। पुलिस जांच के दौरान युवती के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर शिकायत झूठी पाई गई। जांच में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर युवती को भरोसा दिलाया गया था कि शिकायत दर्ज कराने के बदले उसे तीन लाख रुपये मिलेंगे। पुलिस ने मामले में भागवत थवाईत, दीपक थवाईत, शिवा चेलक, एक युवती और पत्रकार विजय तिवारी के खिलाफ षड्यंत्र रचने, झूठे आरोपों में फंसाने और ब्लैकमेलिंग से जुड़े आरोपों के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 308(6), 217, 248(ख), 61(2) एवं 45 के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इस तरह की साजिश के जरिए अन्य लोगों को भी निशाना बनाया गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले ने जिले में सनसनी फैला दी है। अब सभी की निगाहें पुलिस की आगामी कार्रवाई और आधिकारिक खुलासे पर टिकी हैं।
इनका कहना हैं…
एक युवती द्वारा रेप का शिकायत दिया गया था जिसपर जांच किया गया तो शिकायत फर्जी पाया गया। साथ ही षडयंत्र के तहत योजनबद्ध तरीक़े से शिकायत करवाना पाया गया जिसमें कटगी के कुछ हिस्ट्रीशीटर लोगों की संलिप्तता सहित पत्रकार की भूमिका का पता चला है, एक पक्ष का बयान हुआ था दूसरे पक्ष का सुनने के बाद कार्रवाई किया गया है। विवेचना अभी जारी है।





