बाघ नदी में 17 वर्षीय किशोर लापता, एनडीआरएफ का रेस्क्यू अभियान जारी
महासमुंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। कई नदियां उफान पर हैं। इसी बीच पिथौरा थाना क्षेत्र में बाघ नदी के तेज बहाव में एक 17 वर्षीय किशोर डूबकर लापता हो गया। घटना के बाद से एनडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बावजूद किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कौडिय़ा निवासी 17 वर्षीय हरिशंकर ठाकुर बाघ नदी के पास गया था। इसी दौरान वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी में बह गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी के तेज बहाव के कारण किशोर का पता नहीं चल सका
घटना की सूचना मिलते ही पिथौरा पुलिस मौके पर पहुंची और प्रशासन को जानकारी दी गई। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया और लगातार अलग-अलग हिस्सों में किशोर की तलाश की जा रही है।
तेज बहाव के कारण रेस्क्यू में मुश्किल
नदी का जलस्तर बढ़ा होने और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। एनडीआरएफ के जवान नदी के किनारों, गहरे हिस्सों और बहाव वाले क्षेत्रों में लगातार खोजबीन कर रहे हैं। 24 घंटे से अधिक समय से अभियान जारी रहने के बावजूद हरिशंकर का कोई पता नहीं चल पाया है। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी चिंता और शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस और प्रशासन की टीम एनडीआरएफ के साथ समन्वय बनाकर तलाश अभियान की निगरानी कर रही है। जलस्तर अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन को सावधानी के साथ चलाया जा रहा है।
प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
लगातार बारिश के बीच प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों और नालों के पास नहीं जाने की अपील की है। विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को तेज बहाव वाले पानी से दूर रहने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।





