घर में घुसकर उड़ाए थे सोने-चांदी के जेवर और नगदी, महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी शामिल
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | बलौदा थाना क्षेत्र के सोनार मोहल्ले में घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। बलौदा पुलिस ने एक महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में 3 विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल पाए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनके मेमोरेण्डम के आधार पर करीब ₹15.87 लाख कीमत का चोरी का मसरूका एवं ₹7 हजार नगद बरामद किया है।
घर में सो रहा था परिवार, बाहर से लगा दी कुंडी
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी नवीन सोनी, निवासी वार्ड क्रमांक 07 बलौदा, अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। सुबह उठने पर कमरे की कुंडी बाहर से बंद मिली। दूसरे कमरे में जाकर देखने पर आलमारी का ताला और कुंडी टूटी हुई थी। आलमारी के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम गायब मिली।
मामले में थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 386/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV और साइबर सेल ने खोला चोरी का राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क एवं एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच तेज की।
CCTV फुटेज, मुखबिर सूचना और साइबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। पूछताछ में आरोपियों ने 3 विधि से संघर्षरत बालकों के सहयोग से घर में प्रवेश कर चोरी करना स्वीकार किया। चोरी किए गए जेवरात को संगीता जगत के सहयोग से बेचने की बात भी सामने आई।
गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी के जेवरात खरीदने के आरोप में सुमित अग्रवाल (41 वर्ष), निवासी अकलतरा, को भी गिरफ्तार किया है। वहीं मामले में आयुष आदित्य उर्फ आशु (26), जीतु देवार (20), संगीता जगत (36) को गिरफ्तार किया गया है। तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी मामले में पकड़ा गया है।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों से रानी हार, चांदी की चैन, चोकर हार, सोने की नथ, ओम लॉकेट, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, सोने की धातु सहित ₹7,000 नगद बरामद किया है। बरामद मसरूका की कुल कीमत करीब ₹15.87 लाख बताई गई है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, साइबर प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सउनि रामदुलार साहू सहित थाना बलौदा एवं साइबर थाना जांजगीर की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।








