हाईवे पर अतिक्रमण और लापरवाही अब नहीं चलेगी! कलेक्टर-एसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय, यातायात नियमों के पालन, हाईवे पर अतिक्रमण और सड़कों पर मवेशियों की समस्या सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की गई।
ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम होंगे मजबूत
कलेक्टर महोबे ने जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुधार कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर आवश्यकता के अनुसार स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, कैट आई और सड़क प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही ब्लैक स्पॉट का नियमित निरीक्षण कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
हाईवे से हटेगा अतिक्रमण, दोबारा कब्जा हुआ तो होगी निगरानी
कलेक्टर ने हाईवे एवं प्रमुख मार्गों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हांकित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अवैध कब्जे और अतिक्रमण से यातायात बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है।
राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय, लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को आपसी समन्वय से सड़क सुरक्षा में बाधक अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी रखने को कहा गया।
सड़कों से हटेंगे मवेशी
हाईवे और प्रमुख मार्गों पर मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जिन स्थानों पर मवेशियों के कारण यातायात प्रभावित होने या दुर्घटना की स्थिति बनती है, वहां तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और प्रमुख मार्गों पर नियमित निगरानी रखने को कहा गया।
ओवरस्पीडिंग और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती
एसपी विजय कुमार पांडेय ने दुर्घटनाजन्य स्थलों पर जिग-जैग मार्किंग, रम्बल स्ट्रिप, साइन बोर्ड एवं रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
उन्होंने नेशनल एवं स्टेट हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा ओवरस्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव और ढाबों के आसपास सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी ने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा। ओवरलोडिंग और अन्य अनियमितताओं पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी रूप से कमी लाई जा सके।
गोल्डन ऑवर में घायलों को मिले बेहतर इलाज
कलेक्टर ने सड़क दुर्घटना के बाद घायलों को गोल्डन ऑवर के भीतर त्वरित एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग एवं संबंधित संस्थाओं को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है, इसलिए घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी संसाधन और व्यवस्थाएं तैयार रखी जाएं।
बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने जिले की कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, अपर कलेक्टर आर.के. तंबोली, जिला परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








