महाविद्यालय की अव्यवस्थाओं एवं बड़ी संख्या में फेल और ATKT परिणाम को लेकर ABVP का सांकेतिक प्रदर्शन
(रौनक साहू)
एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
कसडोल। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कसडोल इकाई द्वारा स्वर्गीय दौलत राम शर्मा शासकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों की विभिन्न समस्याओं एवं महाविद्यालय की अव्यवस्थाओं को लेकर नारेबाजी करते हुए सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के पश्चात ABVP कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय के प्राचार्य को ज्ञापन सौंपकर विद्यार्थियों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
ABVP ने विश्वविद्यालय परीक्षा परिणाम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अनुत्तीर्ण एवं ATKT होने के मामले को प्रमुखता से उठाते हुए परीक्षा परिणाम एवं मूल्यांकन प्रक्रिया की निष्पक्ष एवं पारदर्शी समीक्षा कर विद्यार्थियों की समस्याओं का उचित समाधान करने की मांग की।
ज्ञापन में महाविद्यालय में CCTV कैमरे एवं सुरक्षा गार्ड, Wi-Fi सुविधा, जनभागीदारी शुल्क में उचित कटौती, टूटी टाइल्स की मरम्मत, कैंटीन की व्यवस्था, खराब पंखों एवं विद्युत व्यवस्था में सुधार, टूटे फर्नीचर को बदलने तथा नियमित साफ-सफाई सहित विद्यार्थियों से जुड़ी विभिन्न मांगें रखी गईं।
परिषद कार्यकर्ताओं ने कहा कि महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को बेहतर एवं सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना महाविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। लंबे समय से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना आवश्यक है।
ABVP ने महाविद्यालय प्रशासन को एक सप्ताह का समय देते हुए चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्य प्रारंभ नहीं किया गया अथवा समस्याओं के निराकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई दिखाई नहीं दी, तो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद छात्रहित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।
इस दौरान ABVP जिला संयोजक मलय साहू, नगर मंत्री कसडोल सुधांशु साहू, गौतम साहू,नगर सह मंत्री अमित कैवर्त्य,नगर सह मंत्री मयंक साहू,सफेद संयोजक शुभम शुक्ला, सोशल मीडिया संयोजक नवीन साहू सहित अन्य कार्यकर्ता एवं विद्यार्थी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।





