व्यापारी संघ ने नगर की ज्वलंत समस्याओं को लेकर नगर पंचायत में सौंपा आवेदन
समस्या का समाधान नहीं होने पर 25 सितंबर को नगर बंद का आह्वान
मदन खाण्डेकर
शिवरीनारायण। नगर की बदहाल सड़कों, जगह-जगह गड्ढों, नालियों की नियमित सफाई नहीं होने, धूल की समस्या एवं पेयजल व्यवस्था सहित विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर शिवरीनारायण व्यापारी संघ ने मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय पहुंचकर सीएमओ/अध्यक्ष के नाम आवेदन सौंपा। व्यापारियों ने समस्याओं का शीघ्र निराकरण नहीं होने की स्थिति में 25 सितंबर को नगर बंद का आह्वान किया है। व्यापारी संघ के इस आह्वान को सराफा संघ ,सब्जी व्यवसाई संघ ने भी समर्थन देते हुए नगर बंद में शामिल होने की सहमति दी है।
व्यापारियों ने बताया कि आगामी दिनों में नवरात्रि महोत्सव एवं मेला, दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार हैं। ऐसे समय में नगर की सड़कों की स्थिति बेहद खराब होने से आम नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वर्तमान में शिवरीनारायण-गिधौरी मार्ग, केरा मार्ग एवं खैरताल मार्ग अत्यंत जर्जर स्थिति में हैं। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रहा है। वहीं नगर में धूल की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। व्यापारियों का कहना है कि नगर का अधिकांश हिस्सा धूल के गुबार में समा गया है तथा नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदगी की समस्या बढ़ रही है।
व्यापारियों ने पेयजल व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उनका कहना है कि कुछ क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति के दौरान नाली का गंदा पानी आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। अमृत जल जीवन मिशन के तहत नगर में पाइपलाइन बिछाने का कार्य जारी है, लेकिन साफ-सफाई एवं मूलभूत व्यवस्थाओं पर भी समान रूप से ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।
व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि इन समस्याओं के शीघ्र निराकरण को लेकर कुछ दिन पूर्व एसडीएम एवं तहसीलदार के समक्ष भी आवेदन देकर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बाद मंगलवार को नगर पंचायत में सीएमओ के नाम आवेदन सौंपकर समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की गई है।
व्यापारियों ने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो 25 सितंबर को नगर बंद किया जाएगा।
इस अवसर पर पार्थ के.वा.,मोनू के.वा., रुपेश के.वा.,रितेश के.वा., बद्री के.वा.,विमल सोनी,संजय यादव,प्रांशु के.वा.,सनी गुप्ता,सत्रुघन सोनी,शिवशंकर सोनी,सुधांशु तिवारी , अजितसेन तिवारी,हरि के.वा., उग्रेश्वर गोपाल केवट,सहित अनेक व्यापारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।





