गणपति पंडाल मे आस्था का अनोखा दृश्य
(नीलकमल आज़ाद)
पलारी, प्राकृतिक घटनाएं कई बार ऐसे दृश्य सामने ला देती हैं, जिन्हें लोग अपनी धार्मिक आस्था और विश्वास से जोड़कर देखते हैं। ऐसा ही एक अनोखा नजारा बलौदा बाजार जिले के पलारी तहसील अंतर्गत ग्राम सुंद्रावन में देखने को मिला, जहां गणेश उत्सव के दौरान एक बाज पक्षी घंटों तक भगवान गणेश की प्रतिमा के समीप बैठा रहा। इस दृश्य को देखकर स्थानीय लोगों में कौतूहल के साथ धार्मिक आस्था भी देखने को मिली।
गणेश पंडाल में अचानक पहुंचा बाज
गांव के एक गणेश पंडाल में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की गई है। प्रतिमा में भगवान गणेश को गरुड़ के ऊपर विराजमान दिखाया गया है। गुरुवार सुबह अचानक एक बाज उड़कर पंडाल में पहुंचा और गणेश प्रतिमा के नीचे बने गरुड़ के समीप आकर बैठ गया। खास बात यह रही कि, बाज काफी देर तक वहीं बैठा रहा और आसपास लोगों की आवाजाही तथा भीड़ के बावजूद अपनी जगह से नहीं हटा।
श्रद्धालुओं ने आस्था से जोड़ा अनोखा नजारा
जैसे-जैसे यह बात गांव में फैली, गणेश पंडाल में लोगों की भीड़ जुटने लगी। श्रद्धालु इस दृश्य को भगवान गणेश के प्रति अपनी आस्था से जोड़कर देखने लगे। लोगों का कहना था कि, पंडाल के पास स्थित पीपल के पेड़ पर बाज का घोंसला भी है, लेकिन गणेश प्रतिमा और गरुड़ के समीप इस तरह घंटों तक बाज का बैठे रहना उनके लिए विशेष और भावनात्मक अनुभव रहा।
बिना किसी के हटाए खुद उड़ गया बाज
ग्रामीणों के अनुसार, बाज करीब 10 से 12 घंटे तक उसी स्थान पर बैठा रहा। इस दौरान वह काफी देर तक लगभग स्थिर रहा और बाद में बिना किसी के हटाए अपने आप उड़कर चला गया। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं रहीं। कुछ लोगों ने इसे प्रकृति का अनोखा संयोग माना, तो कई श्रद्धालुओं ने इसे भगवान गणेश के प्रति अपनी आस्था और विश्वास से जोड़कर देखा। धार्मिक भावनाओं से जुड़ी इस घटना ने पूरे गांव में चर्चा का विषय बना दिया और बड़ी संख्या में लोग गणेश पंडाल पहुंचकर इस अनोखे दृश्य के साक्षी बने।





