पामगढ़ शराब कांड: दो लोगों की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप, जहरीली शराब की आशंका; दो संदेही हिरासत में

{Pankaj Kurre}

पामगढ़ | जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में शराब सेवन के बाद दो व्यक्तियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। फिलहाल दो संदेहियों को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है, जबकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद होने की उम्मीद है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात वार्ड क्रमांक 08 के पार्षद रामखिलावन जांगड़े और ग्राम पनगांव निवासी जोहित खरे, राजा खरे एवं मुकेश कश्यप सहित चार लोग पामगढ़ स्थित शराब दुकान से इम्पीरियल ब्लू ब्रांड की अंग्रेजी शराब की तीन बोतलें लेकर गए थे। इसके बाद रामखिलावन जांगड़े और जोहित खरे की तबीयत बिगड़ गई। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।

10 लाख रुपये के लेन-देन का विवाद भी जांच में

पुलिस की प्रारंभिक जांच में जोहित खरे द्वारा राजा खरे को करीब 10 लाख रुपये उधार दिए जाने और रकम वापस मांगने को लेकर विवाद की जानकारी सामने आई है। पुलिस इस आर्थिक लेन-देन के मामले की भी जांच कर रही है। साथ ही, शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

दो संदेही पुलिस अभिरक्षा में, रिपोर्ट का इंतजार

मामले में राजा खरे और मुकेश कश्यप को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। पुलिस के अनुसार, राजा खरे वर्तमान में सिम्स, बिलासपुर में भर्ती है और पुलिस बल की निगरानी में है। शराब के नमूनों की जांच, चिकित्सकीय रिपोर्ट, संबंधित व्यक्तियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल दोनों की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच जारी रखी है। मेडिकल रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मौतें शराब में मिलावट के कारण हुईं या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी।

इन्हें भी पढ़े