इक्को वाहन में महुआ शराब की तस्करी; मुलमुला पुलिस ने पिता-पुत्र को दबोचा, 50 लीटर शराब जब्त!
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुलमुला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कच्ची महुआ शराब का परिवहन कर रहे पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की है। साथ ही तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे इक्को वाहन क्रमांक CG 11 BT 1680 को भी जब्त किया है।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोसा सबरिया डेरा क्षेत्र में एक व्यक्ति लगातार अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब की बिक्री और परिवहन कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में मुलमुला पुलिस की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई।
पुलिस टीम ने कोसा सबरिया डेरा पुल के पास घेराबंदी कर संदिग्ध इक्को वाहन को रोका। वाहन में सवार दो लोगों की तलाशी लेने पर 50 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया।
पिता-पुत्र निकले आरोपी
इस मामले में पुलिस ने तुलसी गोंड (40 वर्ष) और उसके पुत्र अजय गोंड (18 वर्ष 2 माह), दोनों निवासी कोसा सबरिया डेरा, थाना मुलमुला को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना मुलमुला में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 6 मामले
पुलिस के मुताबिक, आरोपी तुलसी गोंड के विरुद्ध थाना मुलमुला में आबकारी एक्ट के 3 और मारपीट के 3 मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई में 50 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ इक्को वाहन भी जब्त किया गया है।

