दिवाली से पहले धमाका; पुलिस की दबिश में 8.56 लाख रुपये के पटाखे जब्त!
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में बलौदा पुलिस ने ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में छापेमारी कर करीब 176 किलोग्राम अवैध पटाखे जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में 52 वर्षीय आरोपी दीपक कुमार अग्रवाल, निवासी वार्ड क्रमांक 04, नैला को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस की दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण कर उनकी बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बलौदा पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
छापेमारी के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टूनों में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने सभी पटाखों को विधिवत जब्त कर लिया। मामले में आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।





