बारनवापारा वानांचल के ग्रामीणों का आक्रोश देख जागा प्रशासन; 5 जुलाई का आंदोलन टला, 3 महीने में मांगें पूरी करने का आश्वासन
विकास अग्रवाल
बया। पिछले पांच वर्षों से अपनी बुनियादी मांगों के लिए दफ्तरों और मंत्रियों के चक्कर काट रहे बारनवापारा वानांचल के ग्रामीणों का सब्र आखिरकार टूट गया। ग्रामीणों द्वारा आगामी 5 जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन और बच्चों को स्कूल न भेजने (शाला बहिष्कार) के कड़े फैसले की भनक लगते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। जिला कलेक्टर के निर्देश पर आनन-फानन में प्रशासनिक अमला बुधवार (03 जुलाई) को ग्राम मोंहदा पहुंचा और ग्रामीणों के साथ बैठक कर उन्हें शांत कराया।
अधिकारियों ने मोर्चा संभालकर की चर्चा
ग्रामीणों की तीन सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से चर्चा करने के लिए अपर कलेक्टर देवाशीष कुर्रे, तहसीलदार लव कुमार पटेल, विद्युत विभाग के जेई कृष्ण कुमार साहू और वन विभाग के अधीक्षक कृष्णानु चंद्राकर खुद ग्रामीणों के बीच पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को बिंदुवार सुना और उनके निराकरण के लिए समय-सीमा तय की।
बिजली के लिए 118 करोड़ का एस्टीमेट तैयार, 3 महीने में मिलेंगे अधिकार पत्र
चर्चा के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि क्षेत्र में बिजली संकट को दूर करने के लिए 118 करोड़ रुपये का प्राक्कलन (Estimate) तैयार कर उच्च कार्यालय को भेज दिया गया है। इसकी विस्तृत प्रगति रिपोर्ट अगले कुछ दिनों में ग्रामीणों के साथ साझा की जाएगी।
इसके साथ ही, ग्रामीणों की अन्य प्रमुख मांगों—सड़क निर्माण, सामुदायिक वन अधिकार और सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र की प्रक्रियाओं को गति देते हुए अगले तीन महीने के भीतर हर हाल में पूरा करने का मौखिक आश्वासन दिया गया।
शर्तों के साथ आंदोलन स्थगित
गौरतलब है कि वानांचल क्षेत्र के लोग पिछले 5 सालों से जिला प्रशासन से लेकर नेताओं तक गुहार लगा चुके थे, लेकिन अब तक कोई ठोस हल नहीं निकला था। शासन को जगाने के लिए ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन की रणनीति बनाई थी। हालांकि, प्रशासनिक अमले के मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई का भरोसा देने के बाद, ग्रामीणों ने कुछ शर्तों के साथ फिलहाल अपने आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि तय समय-सीमा में वादे पूरे नहीं हुए, तो वे दोबारा सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।
इस बैठक में क्षेत्र के धरम रात्रे, सम्पत ठाकुर, संतोष ठाकुर, दिनेश ठाकुर, अनिरुद्ध दीवान,पुरूषोत्तम प्रधान, ,डिग्री प्रधान,भुवन यादव, प्रवीण साहु, उमाशंकर, हेम कुमार दीवान, अंजोर सिंग,नाथुराम,दीपक ठाकुर, नारायण यादव के साथ क्षेत्र के प्रमुख सियान उपस्थित थे।





