PAMGARH BREAKING: 5 दिन बाद टूटा आमरण अनशन, 9 घंटे का चक्काजाम भी समाप्त

{Pankaj Kurre} 

पामगढ़ | डोंगाकोहरौद क्षेत्र में वर्षों से जर्जर सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन आखिरकार पांचवें दिन समाप्त हो गया। पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे ग्रामीणों का अनशन जिला प्रशासन की मौजूदगी में जूस पिलाकर समाप्त कराया गया। वहीं पामगढ़–शिवरीनारायण–बिलासपुर मुख्य मार्ग पर करीब 9 घंटे तक चला चक्काजाम भी प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई सकारात्मक चर्चा के बाद खत्म हो गया।


शुक्रवार को सड़क निर्माण की मांग को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मुख्य मार्ग पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। आंदोलन के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं तथा आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अपर कलेक्टर, एडिशनल एसपी, लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों, एसडीओपी, पामगढ़ थाना प्रभारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने आंदोलनकारियों से विस्तृत चर्चा की। कई दौर की बातचीत के बाद सड़क निर्माण से जुड़े चार महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सहमति बनी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि सड़क निर्माण की प्रक्रिया की निगरानी एवं समन्वय के लिए एक संयुक्त समिति का गठन किया जाएगा। समिति समय-समय पर कार्यों की समीक्षा करेगी तथा निर्माण कार्य में आने वाली समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेगी। प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन और सहमति के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त करने का निर्णय लिया।

इसके बाद आमरण अनशन पर बैठे ग्रामीणों को अधिकारियों द्वारा जूस पिलाकर उनका अनशन समाप्त कराया गया। पांच दिनों से चल रहा यह आंदोलन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त होने के बाद क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल हो गई और मुख्य मार्ग पर यातायात फिर से शुरू हो गया। ग्रामीणों ने कहा कि यदि तय समय के भीतर सड़क निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ या प्रशासन अपने वादों पर अमल नहीं करता है, तो वे भविष्य में फिर से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। आंदोलन समाप्त होने के साथ ही क्षेत्र में राहत का माहौल देखने को मिला।

इन्हें भी पढ़े