पामगढ़–लाहौद मार्ग के डोंगाकोहरौद 4.337 किमी सड़क निर्माण को मिली 6.05 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति
{Pankaj Kurre}
जांजगीर-चांपा | जिले के पामगढ़ से लाहौद मार्ग के डोंगाकोहरौद बस्ती तक सड़क निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। छत्तीसगढ़ शासन के लोक निर्माण विभाग (मंत्रालय) ने वित्त विभाग की सहमति के बाद 4.337 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य के लिए 605.09 लाख रुपये (6 करोड़ 5 लाख 9 हजार रुपये) की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा 10 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार यह कार्य वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल है। विभाग ने निर्माण कार्य को कई शर्तों के साथ मंजूरी दी है। अब संबंधित अधिकारी तकनीकी स्वीकृति (T.S.) प्राप्त करने के बाद ही निविदा (टेंडर) प्रक्रिया शुरू करेंगे।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शासकीय नियमों एवं औपचारिकताओं का पालन करने के बाद ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। सड़क का डिजाइन और ड्राइंग सक्षम अधिकारी से अनुमोदित कराना अनिवार्य होगा। विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि यदि भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता होगी तो उसका व्यय स्वीकृत राशि की सीमा के भीतर ही किया जाएगा। यदि भूमि अधिग्रहण प्रस्तावित नहीं है तो निर्माण केवल उपलब्ध शासकीय भूमि पर ही कराया जाएगा।
सरकार ने यह भी कहा है कि निविदा प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए तथा कार्य तभी आवंटित किया जाए जब कम से कम 90 प्रतिशत बाधारहित भूमि उपलब्ध हो। स्वीकृत राशि से अधिक खर्च की अनुमति नहीं होगी। यदि निर्माण लागत में 10 प्रतिशत से अधिक वृद्धि होती है या कार्य के दायरे में बदलाव किया जाता है तो पुनः संशोधित प्रशासनिक स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा।निर्माण कार्य की गुणवत्ता, समय-सीमा और वित्तीय अनुशासन पर विशेष जोर देते हुए विभाग ने संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी तथा अनावश्यक समय-वृद्धि (Time Extension) से बचने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस प्रशासनिक स्वीकृति के बाद क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। सड़क बनने से पामगढ़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की आवाजाही सुगम होगी तथा स्थानीय नागरिकों को बेहतर सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा।





